ढोकला तो बहुत खाया होगा आपने कभी खट्टा ढोकला खाया है ?

गुजराती व्यंजन खट्टा ढोकला

गुजराती व्यंजन खट्टा ढोकला उरद की दाल और चावल के मिश्रण से बनता है। ये नाश्ते के लिए उत्तम है। सुबह हो या शाम हो किसी भी वक़्त खाया जा सकता है। आजकल बाज़ार में इडली बैटर तैयार मिल जाता है इसलिये इसे बनाना पहले की अपेक्षा और भी अधिक आसान है। 




सामग्रीयाँ - Ingredients
उरद की दाल और चावल का मिश्रण को फरमेन्ट किया हुआ (इडली बैटर) - 3 कप
हरा धनियां - 2 से 3 टेबल स्पून
करी पत्ता - 10 -12
खट्टा दही - आधा कप
हरी मिर्च - 1-2
अदरक पेस्ट - 1 चम्मच
तेल - 3 टेबल स्पून
नमक - स्वादानुसार
सरसों दाना  - 1/2 चम्मच
ईनो फ्रूट साल्ट - 3/4 चम्मच

बनाने की विधि - How to make :
एक थाली मध्यम अकार का ले लीजिये और थोड़ा सा तेल डालकर थाली को चिकना कर लीजिये। एक ऐसा बर्तन और ले लीजिये जो कि ढोकला वाली थाली उस बर्तन में आसानी से आ जाय। बर्तन मे 2 कप पानी डालकर गरम होने के लिए रख दीजिये।

इडली बैटर को किसी बड़े प्याले में निकाल लीजिए। बैटर में अदरक का पेस्ट, हरीमिर्च, नमक, 2 छोटे चम्मच तेल और दही डालकर मिला दीजिये। अब ईनो फ्रूट साल्ट डाल कर मिक्स कर दीजिये। ढोकला मिश्रण को चिकनी की गई थाली में डाल दीजिये और एक जैसा फैला दीजिये।

बर्तन में पानी गर्म हो गया हो तो, बर्तन मे एक जाली स्टेन्ड रख दीजिए उसके ऊपर ढोकला मिश्रण की थाली रख दिजिये और ढोकला को 18 से 20 मिनिट तक मध्यम आंच पर पकने दीजिये। 20 मिनिट बाद ढोकला फूला हुआ दिखने लगेगा। इसे गैस से उतार लीजिये और चाकू की सहायता से ढोकला को टुकड़ों में काट लीजिये।

ढोकला में तड़का लगा दीजिये।
छोटे पैन में तेल डालकर गरम कीजिये। तेल गरम होने पर सरसों दाना डाल दीजिये। सरसों दाना तड़कने पर करी पत्ता डाल कर भून लीजिये। तड़के को ढोकला के ऊपर चम्मच से थोड़ा थोड़ा करके चारों ओर डाल दीजिये। ऊपर से हरा धनिया डालकर कर सजा दीजिये। ढोकला को हरे धनिये की चटनी, नारियल की चटनी या चिली सॉस के साथ में परोसिये और खाइये।

ध्यान देने योग्य बातें :
1. अगर ढोकला में आप तड़का नहीं लगाना चाहते, यानि कि और अधिक तेल खाना नहीं चाहते तो ढोकला को जिस वक़्त पकाने के लिए रखते हैं उस वक़्त ही उसके ऊपर थोड़ा ताजा क्रस्ड काली मिर्च और लाल मिर्च डाल कर छिड़क दीजिये और ढोकला ऐसे ही काट कर खाइये।

2. ढोकला में जो दही मिला रहे हैं वह अगर ताजा हो खट्टा न हो तो ढोकला में 1 नीबू का रस निकाल कर डाला जा सकता है। 

3. इडली बैटर से बना ढोकला बिना कुछ डाले भी स्पंजी बनता है, लेकिन और अधिक स्पंजी बनाने के लिये ईनो फ्रूट साल्ट का यूज किया जाता है। 

No comments:

Post a Comment