बंगाली छेना रसगुल्ला का नाम सुनते ही मुंह में पानी आता है।

बंगाली छेना रसगुल्ला

छेना रसगुल्ला (Bengali Rasgulla) का नाम सुनते ही मुंह में पानी भर आता है। थोड़ी सी मेहनत से आसानी से बनाये जा सकते हैं। तो आइये बनाते हैं बंगाली छेना रसगुल्ला। 



आवश्यक सामग्री - Ingredients :
दूध - 1.5 लीटर
नीबू का रस - 2 नीबू 'या' सिरका मिले तो अच्छा - दो बड़ा चम्मच
आरारोट पाउडर - 2 चम्मच
चीनी - 750 ग्राम 

बनाने की विधि - How to make :
इस रसगुल्ला को बनाने के लिये मुख्य सामग्री छेना है,  तो सबसे पहले हम रसगुल्ले बनाने के लिये छेना बनायेगे।

सबसे पहले दूध को किसी भारी तल वाले बर्तन में निकाल कर गरम कीजिये। दूध के उबलने के बाद, गैस से उतार लीजिये। दूध को हल्का ठंडा होने दीजिये। दूध को ठंडा करने के लिये दूध में 1 कप पानी भी डाल सकते हैं। दूध में थोड़ा-थोड़ा नीबू का रस डालते हुये चमचे से चलाइये। दूध जब पूरा फट जाय और दूध में छेना और पानी अलग-अलग दिखाई देने लगे तो नीबू का रस डालना बन्द कर दीजिये। छेना को कपड़े में छान लीजिये और ऊपर से ठंडा पानी डालिए ताकि नीबू का स्वाद छैना में न रहे। कपड़े को चारों ओर से बंद कर अतिरिक्त पानी को पूरी तरह से निचोड़ दीजिये। छेना तैयार है। 

छेना को किसी थाली में निकाल कर 4 से 5 मिनिट तक मसल-मसल कर चिकना कर लीजिये। अब छेना में अरारोट मिला कर उसी प्रक्रिया को दुहराना है। यानि की फिर से छेना को 4 से 5 मिनिट अच्छी तरह मेस कर चिकना करना है। छेना को इतना मथिये कि वह चिकना गुथे हुये आटे की तरह दिखाई देने लगे। रसगुल्ला बनाने के लिये छेना का मेटेरिअल तैयार हो गया।

अब थोड़ा-थोड़ा छेना निकाल कर, एक इंच के छोटे-छोटे गोले बना कर प्लेट में रखते जाईये। जब सारे छेना के गोले तैयार हो जाये तो किसी गीले कपड़े से ढक कर रख दीजिये।
अब आप चाशनी बनाइये : 
2 कप पानी में चीनी डालकर किसी चौड़े बर्तन में गरम कीजिये (मात्रा अपने सुविधा अनुसार ले सकते हैं।) 

चाशनी में उबाल आने के बाद, छेना के बने गोले चाशनी में डाल दीजिये। बर्तन को ढक दीजिये और छेना के गोलों को बीच-बीच में चैक करते रहिये। 20 से 25 मिनिट तक तेज आंच पर उबलने दीजिये। 8 से 10 मिनिट बाद चाशनी गाढ़ी होने लगती है। चाशनी में 1-1 चम्मच करके पानी डालिये। और हाँ, ध्यान रहे कि चाशनी में हमेशा उबाल आता रहे। रसगुल्ला पकते समय 1 - 2 कप तक पानी डाल सकते हैं। रसगुल्ले फूल कर लगभग दोगुने हो जाते हैं। रसगुल्ला पकने के बाद गैस बन्द कर दीजिये। रसगुल्ले को चाशनी में ही ठंडे होने दीजिये।

लीजिये छेना के बंगाली रसगुल्ले तैयार हैं। रसगुल्ले अभी खाये जा सकते हैं। लेकिन 10-12 घंटे बाद रसगुल्ले अच्छे मीठे और बहुत ही स्वादिष्ट हो जायेंगे। इन्हैं ठंडा होने के बाद, फ्रिज में रख दीजिये। रसगुल्ले को चाशनी में डूबे रहने दें। चाशनी में डूबे रसगुल्ले फ्रिज में रखकर 15-20 दिन तक खाये जा सकते हैं।

कुछ ध्यान देने योग्य बातें :
1. छेना ताजा और फुल क्रीम दूध से बनायें।
2. छेना से पानी पूरी तरह निचोड़ कर निकाल दीजिये और साथ साथ धो लीजिये.
3. छेना को इतना मेस कीजिये कि छेना आटे की तरह चिकना लगने लगे।

No comments:

Post a Comment